पटना,  भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता और गायक पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने जनसुराज अभियान के प्रमुख प्रशांत किशोर से पटना में मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद ज्योति सिंह मीडिया से बात करते हुये कहा कि वह चुनाव लड़ने या टिकट मांगने नहीं आई हैं, बल्कि अपने साथ हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और न्याय की मांग करने आई हैं। ज्योति सिंह ने कहा मैं चुनाव लड़ने के लिए और टिकट के लिए नहीं आई। मेरे साथ जो अन्याय हुआ है, उसके खिलाफ मैं प्रशांत भैया से मिलने आई हूँ। मैं तमाम महिलाओं की तरफ से न्याय मांगने आई हूँ। इस मुलाकात के बाद जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भी मीडिया से बातचीत की और कहा कि उन्होंने ज्योति सिंह की बातें ध्यान से सुनी हैं। किशोर ने स्पष्ट किया कि ज्योति सिंह ने चुनाव लड़ने या किसी राजनीतिक पद की कोई बात नहीं की है।

प्रशांत किशोर ने कहा  हमलोगों ने इनकी बातें सुनी हैं। ज्योति ने चुनाव लड़ने की फिलहाल कोई बात नहीं की है। बातचीत सिर्फ इस बारे में हुई कि इनके साथ जो अन्याय हुआ, वह किसी और के साथ न हो। ये चाहती हैं कि जनसुराज से इन्हें मदद मिले। उन्होंने आगे कहा कि मैंने इन्हें आश्वस्त किया है कि यह पारिवारिक समस्या है, लेकिन सुरक्षा को लेकर मैंने भरोसा दिया है कि इन्हें डरने की जरूरत नहीं है। इनके साथ जनसुराज पूरी तरह खड़ा है। पवन सिंह को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा  पवन सिंह भी हमारे मित्र हैं। उनसे पहले भी बात होती रही है। यह पारिवारिक मामला है, इसलिए हम कुछ नहीं बोल सकते। सामाजिक दायित्व के तहत हमने इनसे मुलाकात की। एक बहन के तौर पर ये न्याय मांगने पहुंची हैं। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच रिश्तों में तनाव की खबरें लगातार सुर्खियों में रही हैं। इस बीच ज्योति सिंह की प्रशांत किशोर से मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएँ शुरू हो गईं, हालांकि दोनों ने साफ कहा है कि यह मुलाकात किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *